February 5, 2025

Himachal Tehalaka News

himachaltehalakanews

कांग्रेस को मिल रहा है अपार जनसमर्थन : इंद्र दत्त लखनपाल

बिझड़ी 13 मई:- विधायक इंद्र दत्त लखनपाल ने कहा है कि आम लोगों का भाजपा से मोह भंग हो चुका है और देश भर में कांग्रेस को भारी जनसमर्थन मिल रहा है। कर्नाटक में कांग्रेस को मिली ऐतिहासिक जीत इसका प्रमाण है। शनिवार को यहां विश्राम गृह में आयोजित ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की आमसभा एवं कार्यकर्ता सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए इंद्र दत्त लखनपाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की नीतियां हमेशा आम लोगों के कल्याण और देश के चहुंमुखी विकास का मार्ग प्रशस्त करती हैं।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश सरकार ने अल्प अवधि में ही कई ऐतिहासिक निर्णय लिये हैं।

प्रदेश के कर्मचारियों के लिए ओल्ड पेंशन का प्रावधान करके कांग्रेस सरकार ने अपने चुनावी घोषणापत्र की सबसे बड़ी गारंटी को पूरा कर दिया है। भाजपा ओल्ड पेंशन की बहाली को असंभव बता रही थी और लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रही थी, लेकिन सुक्खू सरकार ने दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय देते हुए प्रदेश के कर्मचारियों को बहुत बड़ी सौगात दी है। इसके अलावा जनहित के लिए एक के बाद एक, कई निर्णय लिए जा रहे हैं।बड़सर विधानसभा क्षेत्र की चर्चा करते हुए इंद्र दत्त लखनपाल ने कहा कि क्षेत्र के लिए कई बड़ी योजनाओं पर कार्य आरंभ किया जा रहा है। कोहडरा में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल की स्थापना के लिए भूमि हस्तांतरित की जा चुकी है। बड़सर में मिनी सचिवालय का कार्य तेजी से करवाया जा रहा है। बस स्टैंड के निर्माण और अन्य कार्यों के लिए भी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

इस अवसर पर इंद्र दत्त लखनपाल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाएं, ताकि वे इनका भरपूर लाभ उठा सकें।इससे पहले ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष केवल धीमान और अन्य पदाधिकारियों ने इंद्र दत्त लखनपाल का स्वागत किया तथा क्षेत्र में जारी विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी दी।कार्यक्रम में पूर्व विधायक मनजीत डोगरा, उषा लखनपाल, प्रदेश कांग्रेस सचिव कृष्ण चौधरी, पार्टी के अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।