March 24, 2025

Himachal Tehalaka News

himachaltehalakanews

स्वस्थ जीवन के लिए पर्यावरण संरक्षण है जरुरी -विधायक नीरज नैय्यर

चंबा, 5 जून: विश्वभर में तेजी से बढ़ती जनसंख्या एक गंभीर समस्या है जिससे पूरी दुनिया जनसंख्या के बढ़ते बोझ से चिन्तित है।

इससे न केवल हमारा आर्थिक सन्तुलन बल्कि पर्यावरणीय सन्तुलन भी बिगड़ रहा है।यह बात विधायक नीरज नैय्यर ने आज कृषि विज्ञान केंद्र सरू और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कीडी द्वारा संयुक्त रूप से विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर अपने संबोधन मे कही।उन्होंने कहा कि विभिन्न आपदाओं जैसे सुनामी, चक्रवात बाढ, सुखा, भूकंप के अलावा जल प्रदूषण, वायू प्रदूषण जैसी समस्याओं का कारण बढ़ती जनसंख्या ही है। जिसका प्रत्यक्ष प्रभाव सीमित प्राकृतिक संसाधनों पर अत्यधिक पड़ रहा है जो संपूर्ण विश्व के लिए चिन्ता का विषय है।उन्होंने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस वर्ष -2023 का थीम “बीट प्लास्टिक पॉल्यूशन” है क्योंकि प्लास्टिक से ही पर्यावरण को सबसे ज्यादा क्षति पहुंचती है l मानव प्लास्टिक का उपयोग एक बार करता है और उसके बाद जैसे ही यह प्लास्टिक पर्यावरण में जाता है तो वह बहुत लंबे समय तक बना रहता है l विधायक ने कहा कि हिमाचल भले ही भारत के मानचित्र पर एक छोटा सा राज्य है परंतु यह पहाड़ी राज्य देश के पर्यावरण एवं पारिस्थितिकी संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कार्य कर रही है। सरकार ने पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में महत्वाकांक्षी प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाने वाला हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य है। राज्य में युवाओं की पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी बढ़ाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।

प्रदेश में पर्यावरण के संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता पर प्रकाश डालते हुए नीरज नैय्यर ने कहा कि राज्य सरकार ने ग्रीन बजट प्रस्तुत किया है, जिसमें पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन दिशा में विभिन्न प्रावधान किए गए हैं।कार्यक्रम में प्रधानाचार्य कृषि विज्ञान केंद्र सरू डॉ राजीव रैणा ने विधायक नीरज नैय्यर को शाॅल व टोपी पहनाकर सम्मानित किया।इसके उपरांत दोपहर बाद राजकीय प्राथमिक पाठशाला दनेई में विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक ने अपने संबोधन मे कहा कि हिमाचल प्रदेश के वातावरण को साफ- सुथरा रखना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि हिमाचल प्रदेश में वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम किया जाए। विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार वर्ष 2025 तक प्रदेश को हरित ऊर्जा राज्य बनाने की दिशा में अनेक प्रभावी कदम उठा रही है।नीरज नैय्यर ने बच्चों को पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने, अधिक से अधिक पेड लगाने तथा अपने आस पास के वातावरण को साफ़ रखने का आह्वान भी किया।

इस दौरान नीरज नैय्यर ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कीडी और प्राथमिक पाठशाला दनेई के स्कूल परिसर मे देवदार का पौधे भी रोपित किया।इस अवसर पर प्रधान ग्राम पंचायत कीडी मदन पाल, रमेश शर्मा, वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केंद्र सरू डॉ केहर सिंह, प्रधानाचार्य रमेश शर्मा, सहायक अभियन्ता अजय कुमार, विभिन्न पंचायतो के प्रतिनिधि सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।