March 14, 2025

Himachal Tehalaka News

himachaltehalakanews

प्रवासी महिलाओं को बताईं महिला कल्याण एवं सशक्तिकरण की योजनाएं

हमीरपुर 24 जुलाई। महिलाओं की सुरक्षा, संरक्षण और सशक्तिकरण के लिए आरंभ की गई एक वृहद एवं समावेशी योजना ‘मिशन शक्ति’ के तहत 21 जून से 4 अक्तूबर तक चलाए जा रहे 100 दिवसीय जागरुकता अभियान ‘संकल्प’ के तहत बुधवार को यहां वार्ड नंबर-8 में झुग्गी बस्ती की महिलाओं और किशोरियों के लिए एक जागरुकता शिविर आयोजित किया गया।
 महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय की ओर से आयोजित इस शिविर में जिला समन्वयक कल्पना ठाकुर ने प्रवासी महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की जानकारी दी और इसके लिए पात्र महिलाओं का मौके पर ही पंजीकरण करवाया। उन्होंने प्रवासी महिलाओं की बैंक से संबंधित विभिन्न समस्याओं का निवारण भी किया।
 शिविर के दौरान जेंडर स्पेशलिस्ट वंदना ठाकुर ने महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए बनाए गए विभिन्न अधिनियिमों की जानकारी दी। उन्होंने घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम और महिलाओं का कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न निवारण अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों से अवगत करवाया तथा आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से महिलाओं एवं बच्चों को दी जाने वाली विभिन्न सुविधाओं की जानकारी भी दी।
 उन्होंने बताया कि किसी भी तरह की हिंसा से पीड़ित महिला 181 नंबर पर उपलब्ध महिला हेल्पलाइन के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करवा सकती है। अगर किसी पीड़ित महिला के पास रहने का कोई सहारा न हो तो उसे वन स्टॉप सेंटर में 5 दिन का अस्थायी आवास भी प्रदान किया जाता है। शिविर के दौरान महिलाओं को कई अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं।